गढ़वा। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर बुधवार को मिलाप मेडिकल हॉस्पिटल, गढ़वा में डॉ. बिधान चंद्र राय की जयंती पूरे उत्साह, सम्मान और सेवा भावना के साथ मनाई गई। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अस्पताल परिसर में केक काटकर डॉक्टर डे मनाया गया तथा चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण का संकल्प दोहराया गया।
इस अवसर पर अस्पताल की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 60 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर उचित परामर्श दिया। साथ ही लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. असजद अंसारी ने कहा कि मरीज के चेहरे पर लौटती मुस्कान ही डॉक्टर का सबसे बड़ा पुरस्कार है। डॉ. महजबी यमानी ने इसे सेवा और मानवता के मूल्यों को सशक्त करने का अवसर बताया। वहीं डॉ. शमशेर सिंह ने समय पर जांच और सही इलाज को गंभीर बीमारियों से बचाव का महत्वपूर्ण उपाय बताया। डॉ. सुमित प्रसाद ने नियमित स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता पर जोर दिया, जबकि डॉ. पल्लवी सिंह ने मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और गुणवत्तापूर्ण उपचार को चिकित्सक की प्रमुख जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम में डॉ. असजद अंसारी, डॉ. महजबी यमानी, डॉ. शमशेर सिंह, डॉ. सुमित प्रसाद एवं डॉ. पल्लवी सिंह सहित मानस तिवारी उपस्थित रहे। वहीं अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी सचिन कुमार, मुनीफ, यूसुफ, इम्तियाज, सुधा, शहजाद, निशा, चांदनी, रुकसाना सहित अन्य कर्मियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
चिकित्सकों ने कहा कि डॉक्टर डे केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निभाने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मिलाप मेडिकल हॉस्पिटल भविष्य में भी जनसेवा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।
0 Comments