गढ़वा। विश्व साइक्लिंग दिवस पखवाड़ा के अवसर पर गढ़वा मुख्यालय में “खेलो इंडिया अस्मिता महिला सिटी लीग 2026” के तहत भव्य साइक्लिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस आयोजन में जिला प्रशासन, सीआरपीएफ, पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ सैकड़ों की संख्या में खिलाड़ियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त गढ़वा पशुपतिनाथ मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, सीआरपीएफ 172 बटालियन के कमांडेंट अजय कुमार वर्मा, डिप्टी कमांडेंट अमरेंद्र कुमार सिंह तथा नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर साइकिल रेस का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता के समापन के बाद मुख्य अतिथि द्वारा बेस्ट राइडर का खिताब जीतने वाली सुजानती कुमारी को पुरस्कार स्वरूप चमचमाती साइकिल प्रदान की गई, जिससे वे काफी उत्साहित दिखीं।
महिला एलीट वर्ग में सुजानती कुमारी प्रथम, प्रीति कुमारी द्वितीय एवं राजनंदनी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं बालिका जूनियर वर्ग में दुर्गा कुमारी प्रथम, शोभा कुमारी द्वितीय और अंशु कुमारी तृतीय स्थान प्राप्त किया। सब जूनियर वर्ग में गुनगुन कुमारी ने प्रथम, रेखा कुमारी ने द्वितीय तथा सुमन कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
रेस के उपरांत सभी अतिथियों ने उपायुक्त के नेतृत्व में टाउन हॉल से मझिआंव मोड़ तक साइकिल चलाकर “फिट इंडिया, क्लीन इंडिया एवं पर्यावरण संरक्षण” का संदेश दिया। यह पहला अवसर रहा जब जिले के प्रशासनिक अधिकारी और नागरिक एक साथ साइकिल चलाते नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड साइक्लिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए अंगवस्त्र भेंट किया। वहीं अन्य अतिथियों का स्वागत भी विभिन्न अधिकारियों द्वारा किया गया।
सभी विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंच संचालन जिला साइक्लिंग संघ के कोषाध्यक्ष सह आयोजन प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता ने किया।
0 Comments