गढ़वा/डंडई। प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति से आमजन काफी परेशान हैं। क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर महज 5 से 7 घंटे ही बिजली मिल पा रही है, जिससे भीषण गर्मी के बीच लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
बिजली संकट का असर किसानों, छात्र-छात्राओं, दुकानदारों एवं अन्य व्यवसायिक वर्गों पर भी साफ देखने को मिल रहा है। अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण किसानों को सिंचाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। गर्मी के मौसम में पेयजल, पंखा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के अभाव ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
इस समस्या को लेकर शनिवार को भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी राहुल प्रसाद गुप्ता ने बिजली विभाग के कनिय अभियंता (जेई) को आवेदन सौंपा। उन्होंने डंडई प्रखंड में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
आवेदन में उन्होंने बताया कि जरदे पावर हाउस क्षेत्र में पिछले कई महीनों से बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली संचालन में मनमानी के कारण उपभोक्ताओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि बिजली खराब होने पर कई बार ग्रामीणों को खुद जोखिम उठाकर तार जोड़ना पड़ता है, जो विभागीय लापरवाही को दर्शाता है।
राहुल गुप्ता ने जर्जर पोलों को बदलने, ढीले तारों को दुरुस्त करने, बिजली लाइनों के आसपास पेड़-पौधों की नियमित छंटाई कराने तथा तकनीकी खराबी होने पर विभागीय कर्मियों द्वारा ही मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द सुधार नहीं होने पर क्षेत्रवासी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस मौके पर दिनेश गुप्ता, आकाश कुमार गुप्ता, मुकेश गुप्ता, मनीष रवि, अभिषेक रवि, ईश कुमार राम, संतोष प्रजापति, निर्मल ठाकुर, विशेश्वर कुमार, मनोज कुमार, गिरजा राम, रितेश गुप्ता, आनंद प्रसाद, उपेंद्र पासवान, धर्मेंद्र राम सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।
0 Comments