Ticker

6/recent/ticker-posts

सांप काटने से अचेत किशोरी को मिली नई जिंदगी, तेली साहू समाज की तत्परता आई काम

गढ़वा। गनियारी निवासी यमुना साव की 15 वर्षीय पुत्री ममता गुप्ता को सांप काटने की सूचना मिलते ही गढ़वा जिला तेली साहू समाज ने तत्परता दिखाते हुए सराहनीय पहल की। सूचना प्राप्त होते ही समाज के प्रखर प्रवक्ता प्रोफेसर अरविंद प्रसाद गुप्ता ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए लगातार मोबाइल के माध्यम से संपर्क स्थापित किया और परिजनों को गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराने में अहम भूमिका निभाई।

अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में ममता गुप्ता का समुचित इलाज कराया गया। उपचार के बाद चिकित्सक की अनुमति से दोपहर करीब 2 बजे उसे स्वस्थ अवस्था में घर भेज दिया गया। इस दौरान गढ़वा जिला तेली साहू समाज के जिला अध्यक्ष मनीष कुमार गुप्ता, संरक्षक मानिकचंद प्रसाद गुप्ता, संरक्षक मुकेश प्रसाद गुप्ता तथा प्रवक्ता शिक्षक जगनारायण प्रसाद गुप्ता भी मौजूद रहे।

समाज के प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को बेहतर इलाज और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। परिजनों ने बताया कि यदि समय पर संपर्क कर अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

इस मौके पर समाज के सदस्यों ने प्रोफेसर अरविंद प्रसाद गुप्ता की तत्परता और मानवता की भावना की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि गनियारी जैसे सुदूर और आर्थिक रूप से कमजोर क्षेत्र में इस तरह की त्वरित सहायता किसी जीवन को बचाने में अहम साबित होती है।

गढ़वा जिला तेली साहू समाज ने कहा कि वह हमेशा से समाज के गरीब एवं असहाय लोगों के सहयोग के लिए तत्पर रहा है और भविष्य में भी हर संभव मदद करता रहेगा। समाज के सभी सदस्यों ने एक सशक्त एवं सहयोगी समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।

Post a Comment

0 Comments