गढ़वा। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) गढ़वा द्वारा बुधवार को “Walk for Life” वॉकाथॉन एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम सदर अस्पताल, गढ़वा से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना एवं रक्तदान के महत्व का संदेश देना था।
वॉकाथॉन में जिले के वरिष्ठ चिकित्सक, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं रक्तदान शिविर का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. केनेडी ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद का जीवन बचा सकता है। उन्होंने IMA गढ़वा की इस पहल की सराहना करते हुए लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।
इस अवसर पर IMA गढ़वा के अध्यक्ष डॉ. असजद अंसारी एवं सचिव डॉ. नीतू सिंह सहित कई चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। रक्तदान शिविर में डॉ. कुमार निशांत सिंह, डॉ. सुष्मिता रोबा, डॉ. टी. पीयूष, डॉ. स्नेहलता, डॉ. पी. कसमूर एवं डॉ. अशोक समेत कई डॉक्टरों ने स्वयं रक्तदान कर प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। शिविर में कुल 38 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
परमेश्वरी मेडिकल सेंटर, गढ़वा के कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संस्थान के करीब 15 कर्मचारियों, जिनमें महिला कर्मी भी शामिल थीं, ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। वहीं HDFC बैंक के शाखा प्रबंधक अमित शुक्ला ने भी रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. कुमार निशांत सिंह ने कहा कि “Walk for Life” जैसे आयोजन लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने नियमित सुबह की सैर को स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताते हुए इसे दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी।
IMA गढ़वा की सचिव डॉ. नीतू सिंह ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, सहयोगी संस्थानों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखेगी।
कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के सम्मान एवं समाज को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने व नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करने के साथ हुआ।
0 Comments