Ticker

6/recent/ticker-posts

वीर अब्दुल हमीद जयंती: आजसू नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, शौर्य को बताया प्रेरणा का स्रोत

गढ़वा। परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद वीर अब्दुल हमीद की जयंती के अवसर पर आजसू पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके अद्वितीय साहस, राष्ट्रभक्ति और बलिदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम में आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव गुप्तेश्वर ठाकुर, युवा आजसू के प्रदेश संयोजक रविंद्र नाथ ठाकुर, केंद्रीय समिति सदस्य डॉ. इश्तियाक रजा, अब्दुल मन्नान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय सचिव गुप्तेश्वर ठाकुर ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद ने 1965 के भारत-पाक युद्ध में अपने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए देश का गौरव बढ़ाया। उनका सर्वोच्च बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र ऐसे महान सपूतों का सदैव ऋणी रहेगा।
वहीं, युवा आजसू के प्रदेश संयोजक रविंद्र नाथ ठाकुर ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद का जीवन साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रप्रेम की अनुपम मिसाल है। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सद्भाव तथा देश की एकता और अखंडता को सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए।
केंद्रीय समिति सदस्य डॉ. इश्तियाक रजा ने कहा कि महापुरुषों की कोई जाति नहीं होती। ऐसे वीर सपूतों के बलिदान की बदौलत ही देश सुरक्षित है और हम चैन की नींद सो पाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने वीर अब्दुल हमीद के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र सेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments