मेराल। प्रखण्ड के मेराल पश्चिमी पंचायत में सदर एसडीएम संजय कुमार की पहल पर संचालित ‘आपन सरस्वतिया’ अभियान के तहत सरस्वतिया नदी को पूर्ण रूप से साफ एवं स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया गया। इस अभियान के अंतर्गत नदी सफाई कार्य की विधिवत शुरुआत जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति में की गई।
सफाई अभियान का शुभारंभ डॉ. अनिल कुमार साह द्वारा किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नदी को अतिक्रमण एवं प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया। बताया गया कि पूर्व में इस संबंध में एक बैठक आयोजित कर विस्तृत योजना बनाई गई थी, जिसके तहत चरणबद्ध तरीके से नदी की सफाई एवं संरक्षण का कार्य किया जाएगा।
अभियान का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) एवं अंचल अधिकारी (CO) के द्वारा किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि यह केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि जनभागीदारी से सफल होने वाला अभियान है। इसके लिए आम जनता की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सरस्वतिया नदी क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसकी स्वच्छता से पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ जनस्वास्थ्य में भी सुधार होगा। अभियान के तहत नियमित सफाई, जागरूकता कार्यक्रम एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।
इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
0 Comments