Ticker

6/recent/ticker-posts

हरियाली की ओर बढ़ते कदम: शुभम तिवारी ने युवाओं में जगाई पर्यावरण संरक्षण की अलख

गढ़वा।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गढ़वा प्रखंड के भरटिया गांव में युवा समाजसेवी शुभम तिवारी द्वारा पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
शुभम तिवारी ने कहा कि वातावरण को स्वच्छ रखना ही मानव अस्तित्व को बचाने का एकमात्र उपाय है। आज के समय में बढ़ते प्रदूषण के कारण पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है, जिससे संपूर्ण विश्व प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब युवा वर्ग भी पौधारोपण के प्रति जागरूक हो रहा है, जो एक सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमें प्राणवायु ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और जल संरक्षण, जैव विविधता तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।
शुभम तिवारी ने कहा कि वे अपने साथियों को भी लगातार पौधारोपण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा की जिम्मेदारी हम सभी को गंभीरता से लेनी होगी, तभी देश और विश्व स्वस्थ एवं सुरक्षित रह सकेगा।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान समय में वायु, जल एवं ध्वनि प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है, जो मानव जीवन के लिए खतरा बनता जा रहा है। ऐसे में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लोगों को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूक करना बेहद जरूरी है।
अंत में उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर तक प्रदूषण रोकने के लिए लोगों को आगे आना होगा। तभी विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का वास्तविक उद्देश्य सफल हो सकेगा और हमारा पर्यावरण सुरक्षित रह पाएगा।

Post a Comment

0 Comments