गढ़वा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पर्यावरण परिवार गढ़वा के तत्वावधान में एक भव्य जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली नीलांबर-पीतांबर नगर भवन मैदान से प्रारंभ होकर रंका मोड़ तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय एवं समाजसेवी डॉ. पातंजली केशरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रैली के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर एसडीओ संजय पांडेय ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में झारखंड अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जीवन को सुरक्षित रखने के लिए पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। रैली में लोगों की सक्रिय भागीदारी से शहर में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई।
वहीं भाजपा नेता सह आर.पी. एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के निदेशक डॉ. पातंजली केशरी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण देश को भीषण गर्मी और असामान्य मौसम का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि वनों की कटाई रोकना और पौधारोपण को बढ़ावा देना समय की जरूरत है। लगाए गए पौधों का संरक्षण कर ही हरियाली लाई जा सकती है।
उन्होंने लोगों से पॉलिथीन का उपयोग बंद करने, अधिक से अधिक पौधे लगाने, कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा पर्यावरण अनुकूल उत्पाद अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन से पूर्व डॉ. केशरी के नेतृत्व में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। सभी ने जल एवं ऊर्जा बचाने, फलदार एवं छायादार पौधे लगाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का वचन दिया।
मौके पर एकल अभियान के सचिव सियारामशरण वर्मा, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र पाठक, कमलेश सिन्हा, उपाध्यक्ष अरुण मेहता, अभियान प्रमुख जितेंद्र यादव, महिला विकास समिति की मीना देवी, वीणा शर्मा, सरिता शर्मा, ललिता केशरी, मीणा केशरी, नितिन तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
0 Comments