Ticker

6/recent/ticker-posts

जोश, जुनून और जीत का जज़्बा—जीएन कॉन्वेंट स्कूल में ओलंपिक दिवस पर सजा खेल महोत्सव

गढ़वा। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर स्थानीय जीएन कॉन्वेंट स्कूल में विविध खेल प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेलों के प्रति अपनी रुचि एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस प्रत्येक वर्ष 23 जून को मनाया जाता है। यह दिन खेल, स्वास्थ्य और वैश्विक एकता का प्रतीक है, जो लोगों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने और उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने बताया कि इसी दिन वर्ष 1894 में पेरिस के सोरबॉन में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की स्थापना हुई थी, जिसकी स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है।
निदेशक ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक विकास में सहायक है, बल्कि यह अनुशासन, टीमवर्क, धैर्य और समर्पण जैसे गुणों का भी विकास करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की पीटीआई शिक्षिका वर्षा कुमारी के देखरेख में किया गया। इस अवसर पर स्कूली स्तर पर खेल को बढ़ावा देने में विशेष योगदान देने वाले शिक्षक मुकेश भारती एवं खेल प्रशिक्षिका वर्षा कुमारी को विद्यालय प्रबंधन की ओर से अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में उपप्राचार्य बसंत ठाकुर, शिक्षक कृष्ण कुमार, मुकेश भारती, खुर्शीद आलम, दिनेश कुमार, नीरा शर्मा, सरिता दुबे, पुष्पा कुमारी, नीलम कुमारी, चंदा कुमारी, शिवानी एवं संतोष प्रसाद सहित अन्य शिक्षकों की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments