गढ़वा : राजधानी स्थित परिषदन भवन में संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, मजबूती तथा आगामी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान पर्यवेक्षक देवराज सुमन ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण पर निर्भर करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव तक संगठन को मजबूत बनाते हुए आम जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।
वहीं, पर्यवेक्षक राहुल पांडे ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि युवा शक्ति से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलती है। उन्होंने युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जोड़ने और जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से काम करने की अपील की।
झारखंड प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड, विक्रमजीत सिंह ने कहा कि प्रदेशभर में संगठन विस्तार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी जिलों में मजबूत टीम का गठन कर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पलामू जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार रवि ने कहा कि जिले में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन हमेशा जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों और हितों के लिए संघर्ष करता रहेगा।
बैठक में संगठन की मजबूती, सदस्यता विस्तार, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान सभी पदाधिकारियों ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
0 Comments