गढ़वा। लखनऊ के अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग में 15 छात्रों की दर्दनाक मौत की घटना को लेकर जीएन कॉन्वेंट स्कूल में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई। साथ ही हादसे में घायल छात्रों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की गई।
विद्यालय के निदेशक मदन प्रसाद केशरी ने इस दुखद घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है। उन्होंने बच्चों को आपदा प्रबंधन के प्रति सजग रहने की सलाह देते हुए कहा कि स्कूल में दिए जाने वाले सुरक्षा मानकों और आपातकालीन प्रशिक्षण की जानकारी सभी को अवश्य होनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। इसके उपरांत विद्यालय में शांति पूर्वक अवकाश घोषित कर दिया गया।
इस शोक सभा में कक्षा 3 से 11वीं तक के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। वहीं प्रिंसिपल इंचार्ज बसंत ठाकुर, बीरेंद्र साह, कृष्ण कुमार, दिनेश कुमार, नीरा शर्मा, सुनीता कुमारी, शिवानी कुमारी, पुष्पा कुमारी, संतोष कुमार, मुकेश भारती, सरिता दुबे, चंदा श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे।
0 Comments