गढ़वा: जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में गढ़वा को जेनरल मेडिसिन विशेषज्ञ (सीनियर मेडिकल ऑफिसर) के रूप में नया चिकित्सक मिला है।
राजधानी रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इसी क्रम में डॉ. अरशद अंसारी को गढ़वा जिले के लिए नियुक्त किया गया।
डॉ. अंसारी की नियुक्ति की खबर मिलते ही जिले के स्वास्थ्य महकमे में उत्साह का माहौल देखा गया। स्वास्थ्य पदाधिकारियों, चिकित्सकों एवं सामाजिक संगठनों ने इसे जिले के लिए सकारात्मक पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
नियुक्ति के बाद डॉ. अरशद अंसारी ने कहा कि गढ़वा के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
उन्होंने भरोसा जताया कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और समय पर उपचार के माध्यम से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा उनके लिए केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज सेवा का माध्यम है।
0 Comments