गढ़वा।राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (Doctors' Day) के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), गढ़वा द्वारा 01 जुलाई 2026 (बुधवार) को सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सुबह 10:00 बजे से प्रारंभ होगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए IMA गढ़वा की जिला सचिव डॉ. नीतू सिंह ने बताया कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी, ऑपरेशन या आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त ही जीवन रक्षक साबित होता है। ऐसे में समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने जिले के सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, मेडिकल छात्रों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं आम नागरिकों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं योग्य व्यक्ति 01 जुलाई को सुबह 10 बजे से सदर अस्पताल के ब्लड बैंक पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान कर सकते हैं।
डॉ. सिंह ने यह भी बताया कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।
डॉक्टर्स डे के इस विशेष अवसर पर IMA गढ़वा ने सभी से मानवता के इस महान कार्य में सहभागी बनने की अपील करते हुए संदेश दिया है—"रक्तदान – महादान"
आपका एक यूनिट रक्त, किसी की पूरी जिंदगी बचा सकता है।
0 Comments