Ticker

6/recent/ticker-posts

गढ़वा में वर्ल्ड साइकिल डे पखवाड़ा की तैयारी तेज, पांच प्रखंडों में होंगे भव्य आयोजन

गढ़वा। विश्व साइकिल दिवस पखवाड़ा सह खेलो इंडिया अस्मिता वुमन सिटी लीग के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को स्थानीय रामा साहू इंडोर स्टेडियम में गढ़वा जिला साइक्लिंग संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार पाठक की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, भारतीय खेल प्राधिकरण तथा झारखंड साइक्लिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में जिले के विभिन्न शहरों में भव्य साइक्लिंग कार्यक्रम आयोजित कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भवनाथपुर में 8 जून, बंशीधर नगर में 11 जून, रंका में 12 जून, मझिआंव में 14 जून तथा गढ़वा में 14 जून को आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रमों के सफल संचालन हेतु विभिन्न शहरों के लिए खेल प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। रंका के लिए राजेश कुमार पांडे, गढ़वा के लिए अरविंद कुमार दुबे, बंशीधर नगर एवं भवनाथपुर के लिए अजय कुमार गुप्ता तथा मझिआंव के लिए संतोष कुमार मौर्य को खेल प्रभारी बनाया गया है।
वहीं तकनीकी अधिकारियों के रूप में सुशील तिवारी, अजयकांत, किशोर कुणाल, दीपक कुमार एवं चंद्र बहादुर सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में सभी नियुक्त खेल प्रभारियों एवं तकनीकी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि संबंधित शहरों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में कम से कम 200 से अधिक प्रतिभागियों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।
इस संबंध में जानकारी आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष सह गढ़वा जिला साइक्लिंग संघ के कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने दी।

Post a Comment

0 Comments