गढ़वा। गढ़वा जिला टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में खिलाड़ियों के खेल कौशल में सुधार एवं तकनीकी ज्ञान को बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित दस दिवसीय समर कैंप का समापन समारोहपूर्वक किया गया।
समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संघ के संरक्षक अलखनाथ पांडेय, जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार एवं सचिव आनंद कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। इस अवसर पर समर कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने कहा कि खेल के मैदान में प्रतिभा किसी खिलाड़ी को अच्छा बना सकती है, लेकिन कठिन परिश्रम, कौशल और जीतने का जुनून ही उसे महान बनाता है। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, संतुलित आहार और अनुशासन का पालन करने की सलाह देते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और समर्पण से ही सफलता प्राप्त होती है।
संघ के संरक्षक अलखनाथ पांडेय ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल की परंपरा भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से रही है। आज खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि पहचान, सम्मान और रोजगार का माध्यम भी बन चुका है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन के साथ नियमित अभ्यास करने और टेबल टेनिस को जिले के हर घर तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी के कार्यों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों से उनसे प्रेरणा लेने और गढ़वा जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संघ के सचिव आनंद सिन्हा, सदस्य संजय सिंह, दरोगा पासवान, मनोज पाठक, मिथिलेश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन कोषाध्यक्ष सह कोच कमलेश कुमार दुबे ने किया।
समर कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में अमन कुमार पाल, रोशन कुमार पाल, नीतीश कुमार मेहता, उज्जवल कुमार, हर्षित कुमार पांडेय, सचिन कुमार, मयंक राज, आयुषी कुमारी पांडेय, अंजली कुमारी, आयुषी कुमारी, वर्षा रानी, रिद्धि सिंह, अर्णव कुमार दुबे, आनंद पासवान, अनुराग पासवान, शिवम कुमार पटेल, आयुष राज, सचिन कुमार पाल, कृष्णा कुमार एवं अमन कुमार शामिल हैं।
0 Comments