Ticker

6/recent/ticker-posts

सेवा का प्रवाह: सात्विक इलेक्ट्रॉनिक्स ने श्री राम लला मंदिर को भेंट किया वाटर प्यूरीफायर

गढ़वा। श्रद्धालुओं की सेवा और मंदिर विकास के प्रति समर्पण का एक और सराहनीय उदाहरण श्री राम लला मंदिर में देखने को मिला। जिला मुख्यालय के चिनिया रोड स्थित सात्विक इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रोपराइटर राजेश कुमार सिंह ने मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु कमर्शियल वाटर प्यूरीफायर उपलब्ध कराया है।
उल्लेखनीय है कि चार दिन पूर्व डॉ. मनीष कुमार सिंह द्वारा मंदिर को 80 लीटर का वाटर कूलर मशीन प्रदान किया गया था। उनसे प्रेरित होकर राजेश सिंह ने गुरुवार को मंदिर परिसर में वाटर प्यूरीफायर मशीन इंस्टॉल कराया।
राजेश सिंह ने बताया कि श्री राम लला मंदिर उनके लिए प्रेरणा स्थल है और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए उनका योगदान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र के माध्यम से उन्हें डॉ. मनीष सिंह द्वारा वाटर कूलर देने और वाटर प्यूरीफायर उपलब्ध कराने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने स्वयं आगे बढ़कर इस सेवा कार्य को करने का निर्णय लिया। साथ ही उन्होंने वाटर प्यूरीफायर की देखरेख एवं आवश्यक मरम्मत कराने की जिम्मेदारी भी ली है।
इस अवसर पर डॉ. मनीष कुमार सिंह ने कहा कि मंदिर में वाटर प्यूरीफायर की अत्यंत आवश्यकता थी, क्योंकि टंकी में पानी के स्थिर रहने से उसमें जर्म्स और बैक्टीरिया उत्पन्न हो जाते हैं। आरओ मशीन के माध्यम से पानी को शुद्ध कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि अब शुद्ध पानी वाटर कूलर के जरिए श्रद्धालुओं को मिलेगा, जो भीषण गर्मी में उन्हें राहत प्रदान करेगा।
मंदिर समिति के सचिव धनंजय सिंह ने कहा कि लगभग पांच एकड़ में फैला श्री राम लला मंदिर अत्यंत प्राचीन एवं आस्था का केंद्र है। यहां भगवान के बाल रूप की दिव्य उपस्थिति से प्रेरित होकर समाज के लोग सेवा कार्यों में आगे आ रहे हैं। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए राजेश सिंह का आभार व्यक्त किया।
मौके पर मंदिर समिति के उपाध्यक्ष सुदर्शन सिंह, श्यामा पांडेय, सत्यनारायण दुबे, पुजारी सरस्वती कुंवर, ललित कुमार पांडेय, अनिल शर्मा, रघु चौधरी, अनिल पांडेय, दिलीप कमलापुरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments