Ticker

6/recent/ticker-posts

10 फीट लंबे अजगर ने सियार को बनाया निवाला, ग्रामीणों की सूझबूझ से सुरक्षित हुआ रेस्क्यू

रमना (गढ़वा)। प्रखंड के कर्णपुरा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गांव के समीप लगभग 10 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। बताया जाता है कि अजगर ने एक सियार को अपना शिकार बना लिया था। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

हालांकि ग्रामीणों ने समझदारी और जागरूकता का परिचय देते हुए अजगर को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वनरक्षी ध्रुव कुमार एवं सहयोगी बाबूलाल गुप्ता की टीम मौके पर पहुंची और काफी सावधानी के साथ अजगर का सफल रेस्क्यू किया।

वन विभाग की टीम ने अजगर को सुरक्षित कब्जे में लेने के बाद उसे प्राकृतिक आवास वाले जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया। रेस्क्यू अभियान के दौरान ग्रामीणों ने भी वन विभाग का पूरा सहयोग किया, जिससे अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।

ग्रामीण सुनील गुप्ता ने कहा कि वन्यजीवों के संरक्षण को लेकर लोगों में अब जागरूकता बढ़ रही है। पहले ऐसी घटनाओं में लोग भयवश वन्यजीवों को नुकसान पहुंचा देते थे, लेकिन अब लोग उन्हें बचाने और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में सहयोग कर रहे हैं। यह पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के लिए सकारात्मक संकेत है।

वहीं वनरक्षी ध्रुव कुमार ने ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि लोगों की सजगता और सहयोग के कारण अजगर को सुरक्षित बचाया जा सका। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव के दिखने पर घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीवों और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग के त्वरित कार्रवाई की भी सराहना की।

Post a Comment

0 Comments