Ticker

6/recent/ticker-posts

योग प्रशिक्षण से शिक्षकों को मिली नई ऊर्जा, योग दिवस की तैयारियों को मिला बल

गढ़वा/रंका :संकुल संसाधन केंद्र, उत्क्रमित उर्दू प्लस टू उच्च विद्यालय, बान्दू-चुतरू, रंका में सोमवार को संकुल स्तरीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संकुल साधन सेवी  देवेंद्र नाथ उपाध्याय ने की।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में संकुल के सभी शारीरिक शिक्षा शिक्षक, नोडल शिक्षक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य शिक्षाकर्मी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु शिक्षकों को योग का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं सूक्ष्म व्यायाम का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक संतुलित और अनुशासित जीवनशैली का आधार है।
अपने संबोधन में अध्यक्ष देवेंद्र नाथ उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान समय में योग तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी शिक्षकों से विद्यालयों में विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करने तथा योग दिवस को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संकुल व्यवस्थापक अनिल कुमार पासवान, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नईमुद्दीन अंसारी, शिक्षक परवेज आलम खान, शमशाद आलम, अशरफ आलम, हारून रशीद, नूरुद्दीन अंसारी एवं श्री रामदयाल सिंह सहित सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने, विद्यार्थियों एवं समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को भव्य रूप से मनाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments