गढ़वा : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर गढ़वा ब्लड बैंक में रक्तदान सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन बीवीडीए एवं रम्यभूमि ट्राइबल सैन्य परिवार कल्याण फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार पांडेय एवं नगर अध्यक्ष दौलत सोनी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। साथ ही रक्तदाताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओ संजय कुमार पांडेय ने कहा कि “रक्तदान महादान है और गढ़वा के युवाओं की सक्रिय भागीदारी सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।
सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. माहेरू यमानी ने स्वयंसेवी संगठनों का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार के विशेष कैंप से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो पाता है।
सामाजिक कार्यकर्ता पंकज कुमार चौबे ने कहा कि गढ़वा के युवा 24 घंटे रक्तदान के लिए तैयार रहते हैं, हालांकि जिले को इस दिशा में और आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
रक्तदान करने वालों में रिंकू पाल, मुरारी मिश्रा, पप्पू यादव, रामकुमार दुबे, उज्ज्वल कुमार, शशि भूषण कुमार, बच्चन देव चौधरी, विवेक तिवारी, रोहित हिमांशु, दीपक तिवारी, धीरज दुबे, हर्ष अग्रवाल, विवेक कुमार, नूर अजीजी, दिलीप कुमार चंद्रवंशी, विकास कुमार सोनी, अमित शुक्ला सहित कई लोग शामिल थे।
0 Comments