गढ़वा:उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी अनन्य मित्तल के निर्देश पर शनिवार देर रात गढ़वा मंडल कारा में व्यापक औचक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस सघन अभियान का नेतृत्व सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार एवं एसडीपीओ सदर नीरज कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में चलाए गए इस अभियान में लगभग 50 महिला एवं पुरुष जवानों ने भाग लिया। टीम ने जेल परिसर के सभी बैरकों की गहन तलाशी ली। इस दौरान बंदियों की व्यक्तिगत जांच एवं पूछताछ भी की गई। साथ ही जेल की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं का सूक्ष्म निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी एकत्र की गई।
अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि छापेमारी के दौरान किसी भी बैरक से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। पूरा अभियान शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस विशेष जांच अभियान में एसडीएम एवं एसडीपीओ के अलावा प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, पुलिस निरीक्षक, विभिन्न थानों के थाना प्रभारी तथा जेल प्रशासन से जुड़े कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments