Ticker

6/recent/ticker-posts

ग्रैंड पैरेंट्स डे’ की धूम: आरके पब्लिक स्कूल में दादा-दादी व नाना-नानी का हुआ भावुक सम्मान

गढ़वा :आरके पब्लिक स्कूल, गढ़वा में रविवार को “ग्रैंड पैरेंट्स डे” के अवसर पर दादा-दादी एवं नाना-नानी सम्मान समारोह का भव्य एवं भावनात्मक आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दादा-दादी, नाना-नानी, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गान एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विद्यालय के निदेशक अलखनाथ पाण्डेय, ड्रग एसोसिएशन गढ़वा के अध्यक्ष अद्याशंकर पाण्डेय, कृष्ण प्रसाद महतो सहित अन्य अतिथियों एवं बच्चों के दादा-दादी व नाना-नानी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में निदेशक अलखनाथ पाण्डेय ने कहा कि दादा-दादी एवं नाना-नानी बच्चों के जीवन में संस्कार, प्रेम और मार्गदर्शन के प्रमुख आधार होते हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारी सांस्कृतिक विरासत के संवाहक हैं और नई पीढ़ी में मूल्यों का संचार उनके माध्यम से ही संभव है। साथ ही उन्होंने एकल परिवार की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए बच्चों और बुजुर्गों के बीच संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, कविता एवं लघु नाटिकाओं के माध्यम से बुजुर्गों के महत्व को प्रस्तुत किया। बच्चों ने मोबाइल फोन के दुष्प्रभाव और बढ़ते एकाकीपन को भी नाटिका के जरिए प्रभावशाली ढंग से दर्शाया। दिव्य प्रकाश, नम्रता, आराध्या सहित कई छात्रों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई क्राफ्ट प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही, जिसकी अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहना की। साथ ही मनोरंजक गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें दादा-दादी एवं बच्चों ने मिलकर भाग लिया। विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अभिभावकों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय की भूमिका की सराहना की। कार्यक्रम में अनीता सिन्हा, अभिलाषा तिवारी, पूनम राय, नीतू सिंह, प्रियंका केसरी, अमीषा, स्वाति तिवारी, रंजीत गुप्ता, अमित पाठक सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राची पांडे ने किया, जबकि शैला खान ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
अंत में अल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन विद्यालय परिवार एवं सभी दादा-दादी, नाना-नानी के लिए एक यादगार और भावनात्मक अवसर बन गया।

Post a Comment

0 Comments