Ticker

6/recent/ticker-posts

गढ़वा जिले में जनगणना-2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ, घर-घर पहुंचकर किया जा रहा सर्वेक्षण कार्य

गढ़वा। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत गढ़वा जिले में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना कार्य का शुभारंभ हो गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गणना पर्यवेक्षक एवं प्रगणक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वेक्षण कर रहे हैं तथा परिवारों से आवश्यक जानकारियां एकत्रित की जा रही हैं। इस महत्वपूर्ण कार्य के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।
जिले में जनगणना कार्य के लिए कुल 23 चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें 03 शहरी एवं 20 ग्रामीण चार्ज शामिल हैं। सर्वेक्षण कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु 421 पर्यवेक्षकों एवं 2411 प्रगणकों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
जनगणना-2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा। प्रथम चरण के तहत 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं आवास संबंधी जानकारी एकत्रित की जाएगी, जबकि द्वितीय चरण 09 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक संचालित होगा, जिसमें जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।
प्रथम चरण में प्रगणक 33 बिंदुओं के आधार पर जानकारी संकलित कर रहे हैं। इसमें मकान की स्थिति, निर्माण सामग्री, पेयजल, बिजली, शौचालय, रसोईघर, ईंधन, परिवार के सदस्यों की संख्या, सामाजिक वर्ग, कमरों की संख्या सहित मोबाइल, इंटरनेट, कंप्यूटर, वाहन एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित जानकारी शामिल है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में सहयोग करें और प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य में विकास योजनाओं के निर्माण, आधारभूत संरचना के विस्तार और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Post a Comment

0 Comments