Ticker

6/recent/ticker-posts

नर सेवा ही नारायण सेवा : अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर सेवा भावना का संदेश

गढ़वा : शहर के चिनिया रोड स्थित आर.पी. नर्सिंग कॉलेज में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज के निदेशक विकास केशरी, प्राचार्य मन्नु जेम्स एवं अन्य शिक्षकों व छात्रों ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्रों को नर्सिंग पेशे के महत्व और उसकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ होती हैं और उनका योगदान समाज के लिए अमूल्य है।
कॉलेज के निदेशक विकास केशरी ने अपने संबोधन में कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है”। उन्होंने बताया कि इंसानियत से बढ़कर कोई धर्म नहीं होता और पीड़ित मानवता की सेवा करना ही सभी धर्मों का सार है। उन्होंने नर्सिंग के क्षेत्र में समर्पण, संवेदनशीलता और कड़ी मेहनत को सफलता की कुंजी बताया। साथ ही वर्ष 2026 के अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस की थीम “हमारी नर्सें, हमारा भविष्य – सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं” पर प्रकाश डालते हुए नर्सों को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्राचार्य मन्नु जेम्स ने कहा कि 12 मई को फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती के उपलक्ष्य में यह दिवस मनाया जाता है। यह दिन समाज में नर्सों की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है, जो मरीजों की देखभाल में हर परिस्थिति में तत्पर रहती हैं। उन्होंने कहा कि जीवन के अंतिम क्षणों तक नर्सें मरीजों का साथ निभाती हैं, इसलिए हमें उनके प्रति सम्मान और आभार का भाव रखना चाहिए।
इस अवसर पर राहुल प्रकाश, शिवम कुमार, प्रीति कुमारी, सुप्रिया कुमारी, विभा शर्मा, सचिन कुमार, शशि कुमारी सहित बड़ी संख्या में कॉलेज के कर्मी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments