गढ़वा :पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरके पब्लिक स्कूल गढ़वा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए “इको क्लब” का गठन किया गया। विद्यालय के निदेशक सह प्रख्यात शिक्षाविद् अलखनाथ पाण्डेय की अध्यक्षता में गठित इस क्लब का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान निदेशक अलखनाथ पाण्डेय ने क्लब के सभी सदस्यों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण असंतुलन, जल संकट, बढ़ते प्रदूषण और प्लास्टिक उपयोग जैसी समस्याएं गंभीर चुनौती बन चुकी हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यदि बच्चों में प्रारंभ से ही पर्यावरण संरक्षण की आदत विकसित की जाए, तो आने वाला समाज अधिक जागरूक और जिम्मेदार बनेगा। विद्यालय का उद्देश्य है कि छात्र-छात्राएं प्रकृति के महत्व को समझें और अपने दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएं।
इको क्लब के माध्यम से वर्षभर पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण, प्लास्टिक उपयोग पर रोक, कचरा प्रबंधन, वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। साथ ही छात्रों को सौर ऊर्जा के उपयोग एवं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, क्लब के सदस्य समय-समय पर जागरूकता रैली, पोस्टर मेकिंग, भाषण, निबंध प्रतियोगिता एवं अन्य रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। इसके अलावा विश्व पर्यावरण दिवस, पृथ्वी दिवस एवं जल दिवस जैसे अवसरों पर विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर इको क्लब के पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई, जिसमें नमन कुमार को प्रेसीडेंट, श्रेया रानी को सेक्रेटरी एवं अर्पित मिश्रा को ट्रेजरर बनाया गया। वहीं राज चौबे एवं बीके मिश्रा को मेंटर की जिम्मेदारी सौंपी गई।
विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि इको क्लब के माध्यम से छात्र-छात्राएं न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होंगे, बल्कि समाज में भी सकारात्मक संदेश प्रसारित करेंगे। यह पहल बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
0 Comments