Ticker

6/recent/ticker-posts

आपातकालीन सर्जरी से तीन युवतियों को मिला नया जीवन, परमेश्वरी मेडिकल सेंटर की तत्परता बनी मिसाल

गढ़वा। जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। परमेश्वरी मेडिकल सेंटर की सर्जिकल टीम ने त्वरित चिकित्सकीय निर्णय और कुशल ऑपरेशन के जरिए तीन गंभीर रूप से बीमार युवतियों की जान बचाकर मानवता और पेशेवर दक्षता की मिसाल पेश की है।
जानकारी के अनुसार, 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग की तीनों युवतियां रप्चर्ड एक्टोपिक प्रेग्नेंसी एवं पेट के अंदर अत्यधिक रक्तस्राव (हेमोपेरिटोनियम) जैसी जानलेवा स्थिति में अस्पताल लाई गई थीं। उनकी स्थिति बेहद नाजुक थी और तत्काल उपचार की आवश्यकता थी।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. निशांत एवं डॉ. नीतू के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने बिना समय गंवाए मरीजों की स्थिति को स्थिर किया और आपातकालीन सर्जरी कर सफलतापूर्वक उनकी जान बचाई। फिलहाल तीनों मरीज खतरे से बाहर हैं और स्वस्थ हो रही हैं।
परमेश्वरी मेडिकल सेंटर ने आपातकालीन महिला स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल में पिछले आठ वर्षों के दौरान एक्टोपिक प्रेग्नेंसी के 100 से अधिक सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं।
इनमें से लगभग 60 प्रतिशत मामलों में लैप्रोस्कोपिक (कीहोल) सर्जरी का उपयोग किया गया, जिससे मरीजों को कम दर्द, कम दाग और तेजी से रिकवरी का लाभ मिला। वहीं गंभीर मामलों में ओपन सर्जरी के जरिए तत्काल रक्तस्राव को नियंत्रित किया गया।
इस संबंध में डॉ. निशांत ने बताया कि तीनों मरीज अत्यधिक रक्तस्राव के कारण शॉक की स्थिति में थीं। ऐसे मामलों में हर सेकंड महत्वपूर्ण होता है और त्वरित सर्जरी ही जीवन बचाने का एकमात्र उपाय होता है।
डॉ. नीतू ने कहा कि गर्भावस्था के शुरुआती चरण में पेट के निचले हिस्से में तेज दर्द, ब्लीडिंग, चक्कर आना या कंधे में दर्द जैसे लक्षण गंभीर खतरे के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।
डॉक्टरों की अपील: समय पर लें निर्णय
चिकित्सकों ने बताया कि कई बार मरीज के परिजन स्थिति की गंभीरता को समझने में देर कर देते हैं, जिससे जोखिम बढ़ जाता है। उन्होंने अपील की कि ऐसी आपात स्थिति में डॉक्टरों की सलाह पर तुरंत निर्णय लेना चाहिए, क्योंकि थोड़ी सी देरी भी जानलेवा साबित हो सकती है।
महिलाओं के लिए जरूरी सावधानियां गर्भावस्था की पुष्टि के बाद 6 से 8 सप्ताह केभीतरअल्ट्रासाउंड अवश्य कराएं
दर्द या ब्लीडिंग होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें
बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा का सेवन न करें
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि उनकी टीम 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं देने के लिए तत्पर है और क्षेत्र के लोगों को बेहतर व त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

Post a Comment

0 Comments