गढ़वा। सदर एसडीएम संजय कुमार की पहल पर जनसहयोग से संचालित “आपन सरस्वतिया” अभियान के तहत पांचवें दिन भी सरस्वतिया नदी की सफाई एवं डी-सिल्टिंग का कार्य जारी रहा। शुक्रवार को चलाए गए इस अभियान के दौरान सरस्वती नदी किनारे समीम टेलर्स के समीप नदी क्षेत्र में जमा गाद, अस्थायी अवरोध एवं कचरे को हटाकर जलधारा को सुचारू एवं प्रवाहमान बनाने का कार्य किया गया।
अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को मां कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर विकेश तिवारी द्वारा जेसीबी मशीन उपलब्ध कराकर स्वैच्छिक सहयोग प्रदान किया गया। वहीं नगर परिषद की ओर से नगर प्रबंधक रोहित समद एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक भूपेंद्र कुमार ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि यह अभियान अब सामाजिक एवं प्रशासनिक सहभागिता का सशक्त उदाहरण बनता जा रहा है। शहर के विभिन्न वर्गों से मिल रहा सहयोग इस बात का संकेत है कि लोग सरस्वतिया नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन को लेकर गंभीर हैं।
उन्होंने कहा कि “आपन सरस्वतिया” केवल एक सफाई अभियान नहीं, बल्कि शहर की प्राकृतिक धरोहर को बचाने का सामूहिक प्रयास है। जनसहयोग और प्रशासनिक समन्वय के बल पर इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है और नदी की पूर्ण सफाई तक यह प्रयास जारी रहेगा।
एसडीएम ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यवसायियों, नगर परिषद कर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अन्य लोगों से भी आगे आकर इस अभियान से जुड़ने की अपील की।
0 Comments