Ticker

6/recent/ticker-posts

विश्व साइकिल दिवस पर गढ़वा के पांच प्रखंडों में होंगे साइकिलिंग कार्यक्रम, 200 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी का लक्ष्य

गढ़वा। विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में 2 जून से 14 जून 2026 तक देशभर के 200 शहरों में आयोजित होने वाले साइकिल दिवस पखवाड़ा सह अस्मिता वुमन सिटी लीग के तहत गढ़वा जिले के पांच प्रखंडों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी जानकारी गढ़वा जिला साइकिलिंग संघ के कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (खेलो इंडिया) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। झारखंड साइकिलिंग संघ ने गढ़वा जिला साइकिलिंग संघ को जिले के पांच प्रखंडों में कार्यक्रम संचालन की जिम्मेदारी सौंपी है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भवनाथपुर में 8 जून, बंशीधरनगर-ऊंटारी रोड में 11 जून, रंका राज में 12 जून, मझिआंव में 14 जून तथा गढ़वा शहर में 14 जून को साइकिलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
खेलो इंडिया के निर्देशानुसार प्रत्येक आयोजन स्थल पर महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों को मिलाकर 200 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इच्छुक प्रतिभागी अपनी साइकिल के साथ कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे। इसके लिए खेलो इंडिया द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑनलाइन लिंक के माध्यम से पंजीकरण अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करा पाने वाले प्रतिभागियों के लिए आयोजन स्थल पर मैन्युअल पंजीकरण की भी व्यवस्था रहेगी। मैन्युअल पंजीकरण कराने वाले प्रतिभागियों को आधार कार्ड साथ लाना आवश्यक होगा।
गढ़वा जिला साइकिलिंग संघ ने आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा जताई है। संघ की ओर से उपायुक्त सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को भी कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया जाएगा। साथ ही सभी आयोजन स्थलों के लिए जल्द ही प्रभारी नियुक्त कर पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments