गढ़वा (रंका)। रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. असजद अंसारी ने रंका के पूर्व अनुमंडल पदाधिकारी रुद्र प्रताप के स्थानांतरण पर उनके आवास पहुंचकर भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर डॉ. अंसारी ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह के दौरान डॉ. असजद अंसारी ने कहा कि पूर्व अनुमंडल पदाधिकारी रुद्र प्रताप ने अपने कार्यकाल में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, लगन और संवेदनशीलता के साथ किया। उन्होंने क्षेत्र के विकास, जन समस्याओं के समाधान एवं सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यों को रंका क्षेत्र की जनता लंबे समय तक याद रखेगी।
उन्होंने कहा कि रुद्र प्रताप का व्यवहार सभी विभागों के अधिकारियों और आम जनता के प्रति सहयोगात्मक रहा। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कार्यों में भी उन्होंने हमेशा सकारात्मक सहयोग दिया, जिससे कई योजनाओं का सफल संचालन संभव हो सका। डॉ. अंसारी ने उन्हें एक कुशल प्रशासक के साथ-साथ सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व का धनी बताया।
वहीं, पूर्व अनुमंडल पदाधिकारी रुद्र प्रताप ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रंका में कार्य करने के दौरान उन्हें सभी का भरपूर सहयोग और स्नेह मिला। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों से उन्हें विशेष लगाव रहा और वे इस क्षेत्र की यादों को हमेशा अपने साथ लेकर जाएंगे।