गढ़वा : सोशल वर्कर संस्था, गढ़वा के तत्वाधान में शहर के मुख्य चौक रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर के समीप साप्ताहिक भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था का 126वां सप्ताह सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
मंगलवार को आयोजित इस भंडारे में मुख्य अतिथि के रूप में संदीप केसरी (भूमि बर्थडे एवं डेकोरेशन) अपनी सुपुत्री कृतिका केसरी के जन्मदिन के अवसर पर शामिल हुए। इस मौके पर उनकी पत्नी रेखा केसरी, पुत्री छावी एवं पुत्र वेदांत भी उपस्थित रहे।
संस्था के बैनर तले आयोजित इस भंडारे में जरूरतमंदों के बीच प्रसाद स्वरूप पूड़ी, सब्जी, बूंदी, रसगुल्ला एवं फल का वितरण किया गया।
इस अवसर पर संदीप केसरी ने कहा कि वे पहले वीडियो और अखबारों के माध्यम से संस्था के इस सेवा कार्य को देखते थे। संस्था द्वारा हर मंगलवार “फूड फॉर हंगर” अभियान के तहत जरूरतमंदों को भोजन कराए जाने से प्रेरित होकर उन्होंने अपनी बेटी कृतिका के जन्मदिन पर भंडारा कराने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि आगे भी वे अपने पारिवारिक आयोजनों को सेवा कार्य से जोड़कर लोगों का आशीर्वाद लेते रहेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि हजारों रुपये खर्च करने के बावजूद जो संतोष नहीं मिलता, वह जरूरतमंदों की सेवा कर मिलने वाले आशीर्वाद में मिलता है। उनकी पत्नी रेखा केसरी ने भी इस पहल को बेटी के जन्मदिन का सबसे सार्थक और यादगार आयोजन बताया।
संस्था के संचालक आकाश केशरी ने कहा कि गढ़वा शहर की महिलाएं भी संस्था से जुड़कर समाजसेवा में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं, जो युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम के अंत में संस्था द्वारा 126वें सप्ताह के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों का आभार प्रकट किया गया।
इस मौके पर पतंजलि केसरी, शुभम केसरी, अनमोल कश्यप, यश गुप्ता, पियूष गुप्ता, विक्की गोंड, मीडिया प्रभारी अंशु कंशयकर सहित कई सदस्य उपस्थित थे।
0 Comments