रंका (गढ़वा) :जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक के निर्देशानुसार प्रखंड संसाधन केंद्र रंका अंतर्गत राजकीय बुनियादी विद्यालय रंका में प्राथमिक शिक्षकों के लिए TNA (Teacher Need Assessment) राउंड–3 परीक्षा का सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण आयोजन किया गया। परीक्षा का उद्देश्य शिक्षकों की शैक्षणिक दक्षता, विषयगत समझ एवं प्रशिक्षण आवश्यकताओं का आकलन करना रहा, ताकि भविष्य में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:00 बजे से 4:00 बजे तक संपन्न हुई। केंद्र पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित की गई थीं, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। अनुशासन, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे।
परीक्षा के सफल संचालन में संकुल साधन सेवी देवेंद्र नाथ उपाध्याय की भूमिका महत्वपूर्ण रही। उन्होंने परीक्षा पूर्व सभी शिक्षकों एवं कर्मियों को दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी तथा पूरी प्रक्रिया की सतत निगरानी एवं समन्वय किया।
इसके अलावा संकुल साधन सेवी पंकज कुमार गुप्ता, सद्दाम हुसैन, मनोज कुमार, महबूब अंसारी एवं सत्येंद्र कुशवाहा का भी सराहनीय योगदान रहा। वहीं MIS कोऑर्डिनेटर अनुज कुमार कश्यप एवं शशिकांत ठाकुर ने तकनीकी एवं डाटा प्रबंधन कार्यों को सफलतापूर्वक संभाला।
परीक्षा में शामिल सभी शिक्षकों ने अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ भागीदारी निभाई। संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं पारदर्शी माहौल में संपन्न हुई, जो शिक्षा विभाग की बेहतर कार्यप्रणाली का उदाहरण बनी।
0 Comments