Ticker

6/recent/ticker-posts

सेवा का अटूट संकल्प: 123 हफ्तों से मानवता की थाली सजा रहा अग्रवाल परिवार

गढ़वा। जहां एक ओर समाज में स्वार्थ की प्रवृत्ति बढ़ती दिखती है, वहीं गढ़वा का अग्रवाल परिवार पिछले 123 सप्ताह से लगातार जरूरतमंदों की सेवा कर एक अनूठी मिसाल पेश कर रहा है। हर शनिवार रंका मोड़ स्थित संकट मोचन मंदिर के समीप सैकड़ों लोगों के बीच प्रसाद स्वरूप खिचड़ी का वितरण कर यह परिवार मानवता की नई परिभाषा गढ़ रहा है।
इस शनिवार भी सेवा का सिलसिला जारी रहा, जहां जरूरतमंदों, राहगीरों और असहाय लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। खास बात यह रही कि परिवार के सदस्य स्वयं उपस्थित होकर लोगों को खिचड़ी परोसते हैं और उनका हालचाल भी पूछते हैं, जिससे सेवा में आत्मीयता का भाव झलकता है।
लगातार 123 सप्ताह तक बिना रुके इस अभियान को चलाना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि बन गई है। क्षेत्र में अब यह पहल केवल सेवा नहीं, बल्कि एक प्रेरणा के रूप में देखी जा रही है, जिससे अन्य लोग भी समाज सेवा के लिए आगे आने को प्रोत्साहित हो रहे हैं।
इस अवसर पर राजीव रंजन अग्रवाल ने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और हर सक्षम व्यक्ति को इसमें भागीदारी निभानी चाहिए। वहीं संतोष अग्रवाल ने इसे समाज में प्रेम और सहयोग का संदेश फैलाने का माध्यम बताया।
हर्ष अग्रवाल ने कहा कि परिवार के सहयोग और ईश्वर की कृपा से यह अभियान निरंतर जारी है और आगे भी इसे इसी तरह जारी रखा जाएगा।
मौके पर अग्रवाल परिवार के कई सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments