गढ़वा:बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय के फार्मेसी संकाय द्वारा शनिवार को एक आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत फार्मेसी संकाय के विद्यार्थियों को बेलचम्पा गांव स्थित मेढना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं खोरीडीह गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में ले जाया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने वहां मौजूद मरीजों एवं ग्रामीणों को भीषण गर्मी को देखते हुए लू से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि गर्मी के मौसम में कैसे सतर्क रहकर खुद को सुरक्षित रखा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल एवं आंगनबाड़ी केंद्र के सहकर्मियों ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया, जिससे यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को जागरूक करना था, ताकि वे जानकारी के अभाव में लू की चपेट में आने से बच सकें।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में फार्मेसी संकाय के शिक्षक डॉ. कौशल कुमार गुप्ता, विकास राव, रोहित कुमार गुप्ता, अविनिश कुमार झा, शशि भूषण एवं अभिषेक कुमार का अहम योगदान रहा।
फार्मेसी संकाय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रो. मनीष दुबे, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एम. के. सिंह एवं कुलाधिपति दिनेश प्रसाद सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
0 Comments