Ticker

6/recent/ticker-posts

जन्मदिन पर सेवा का उत्सव: 121वें सप्ताह जरूरतमंदों का सहारा बना अग्रवाल परिवार

गढ़वा : शहर के रंका मोड़ स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण के समीप  शनिवार को एक बार फिर मानव सेवा और समर्पण का प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। अग्रवाल परिवार गढ़वा की ओर से लगातार 121वें सप्ताह भी सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच प्रसाद स्वरूप खिचड़ी का वितरण किया गया। इस सेवा अभियान ने समाज में सहयोग और संवेदना की नई मिसाल कायम की है।
इस विशेष अवसर को नवादा मोड़ के व्यवसायी अमित जायसवाल एवं उनकी धर्मपत्नी शिप्रा जायसवाल ने और भी खास बना दिया। शिप्रा जायसवाल के जन्मदिन के मौके पर जरूरतमंदों के बीच खिचड़ी के साथ-साथ भीषण गर्मी को देखते हुए आम का भी वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करते लोगों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी।
मुख्य आयोजक अमित जायसवाल ने कहा कि उनकी धर्मपत्नी के जन्मदिन पर जरूरतमंदों की सेवा कर जो आत्मिक सुख मिला है, वह अवर्णनीय है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल परिवार के साथ मिलकर यह सेवा कार्य करना गर्व की बात है और आगे भी वे ऐसे कार्यों में सक्रिय रहेंगे।
वहीं शिप्रा जायसवाल ने कहा कि जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने का अवसर भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज सेवा कर उन्हें सच्ची खुशी का अनुभव हुआ।
अग्रवाल परिवार के सदस्य हर्ष अग्रवाल ने बताया कि यह सेवा अभियान पिछले 121 सप्ताह से निरंतर जारी है और इसमें समाज का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उनका प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद भूखा न रहे।
संतोष अग्रवाल ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और जरूरतमंदों की सहायता करना ही जीवन का सच्चा उद्देश्य है। वहीं चंद्र प्रकाश अग्रवाल एवं आशुतोष अग्रवाल ने भी सेवा कार्य को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर अग्रवाल परिवार के कई सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Post a Comment

0 Comments