गढ़वा। बीएसकेडी पब्लिक स्कूल में शनिवार को सीबीएसई पटना के तत्वावधान में “मेंटल हेल्थ एंड वेलनेस” विषय पर सीबीपी (Capacity Building Programme) शिक्षक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हुए उन्हें बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना था। प्रशिक्षण में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक संजय सोनी, अध्यक्ष शोभा सोनी, प्राचार्य रीना कुमारी तथा सीबीएसई के रिसोर्स पर्सन दिलीप कुमार मिश्रा एवं नितिन राज द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान रिसोर्स पर्सनों ने शिक्षकों को विद्यार्थियों की मानसिक स्थिति, भावनात्मक संतुलन, तनाव प्रबंधन एवं सकारात्मक व्यवहार निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को केवल अकादमिक रूप से सशक्त बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से भी स्वस्थ एवं आत्मविश्वासी बनाना आवश्यक है।
इस अवसर पर निदेशक संजय सोनी ने महाभारत का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे रणभूमि में अर्जुन मानसिक रूप से विचलित हो गए थे और भगवान श्रीकृष्ण ने उनका मनोबल बढ़ाकर कर्तव्य का बोध कराया, उसी प्रकार आज के विद्यार्थियों को भी शिक्षकों के मार्गदर्शन और मानसिक संबल की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक यदि बच्चों के मन को समझ लें, तो उनके भविष्य को नई दिशा दी जा सकती है।
प्राचार्य रीना कुमारी ने सभी प्रतिभागियों एवं रिसोर्स पर्सनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को प्रेरणादायक एवं उपयोगी बताया।
0 Comments