गढ़वा। पश्चिम बंगाल, असम और पांडिचेरी में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद गढ़वा शहर के पुरानी बाजार में मंगलवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को झाल मुरही खिलाकर जीत की बधाई दी और खुशी जाहिर की।
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से 206 सीटों पर भाजपा की जीत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। मौके पर मौजूद नेताओं ने इसे ऐतिहासिक जनादेश बताते हुए कहा कि यह परिणाम राज्य में विकास की नई दिशा तय करेगा।
भाजपा महिला प्रकोष्ठ की पूर्व जिलाध्यक्ष मीना देवी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिला मतदाताओं ने बड़ी संख्या में भाजपा के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस मात्र 80 सीटों पर सिमट गई है, जो जनता के बदलते रुझान को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में महिलाएं खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
भाजपा नेता डॉ. पातंजली केशरी ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल बंगाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश की जीत है। मतदाताओं ने बिना किसी दबाव के मतदान कर भाजपा पर विश्वास जताया है।
उन्होंने आगे कहा कि असम, बंगाल और पांडिचेरी में भाजपा के सत्तासीन होने से देश के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। “बंगाल में जीत के साथ विकास का नया द्वार खुल गया है और आने वाले समय में भारत विश्व स्तर पर और अधिक मजबूत स्थिति में होगा,” उन्होंने कहा।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा, जिला मंत्री डॉ. पातंजली केशरी समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महिला कार्यकर्ताओं में मीना देवी, वीणा अग्रवाल, पुष्पा अग्रवाल, सविता शर्मा, मीना केशरी, शकुंतला केशरी, ललिता केशरी, रीता देवी, गायत्री देवी, विभा प्रकाश केशरी, सुधा देवी, कौशल्या देवी, नमिता कश्यप एवं संजू प्रकाश केशरी शामिल रहीं।
वहीं विनय चौबे, इंदेश पांडेय, विशाल गुप्ता, अशोक केशरी सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और इस जीत को ऐतिहासिक बताया।
0 Comments