Ticker

6/recent/ticker-posts

बीएनटी सेंट मैरी स्कूल में इन्वेस्टिचर सेरेमनी सम्पन्न, अमन बने प्रधान छात्र व परिधि बनीं प्रधान छात्रा

गढ़वा। बीएनटी सेंट मैरी स्कूल, गढ़वा में नवनिर्वाचित छात्र परिषद के गठन हेतु इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की नई छात्र परिषद के विभिन्न पदों पर चयनित विद्यार्थियों को सैश एवं बैज पहनाकर शपथ दिलाई गई तथा उन्हें उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में बारहवीं विज्ञान संकाय के अमन कुमार को प्रधान छात्र तथा परिधि कुमारी को प्रधान छात्रा के रूप में चयनित किया गया। वहीं यश राज सिंह को उप-प्रधान छात्र एवं संध्या गिरीश को उप-प्रधान छात्रा की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा सदन प्रमुख, उप-सदन प्रमुख, अनुशासन सदन प्रमुख, खेल सदन प्रमुख सहित अन्य विभिन्न पदों पर भी विद्यार्थियों को जिम्मेदारी प्रदान की गई।
सदन प्रभारी, वरिष्ठ समन्वयक एवं सदन सहयोगियों द्वारा सभी चयनित पदाधिकारियों को उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी देते हुए शपथ ग्रहण कराई गई। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, निदेशक एवं खेल शिक्षक पंकज कुमार ने संयुक्त रूप से सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को सैश एवं बैज पहनाकर उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के निदेशक उमाकांत तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि छात्र परिषद में मिली जिम्मेदारी विद्यार्थियों के लिए नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन, ईमानदारी एवं सेवा भावना के साथ कार्य करने का नाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने आचरण एवं कार्यों से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनें।
प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें दी गई जिम्मेदारियों को अधिकार नहीं, बल्कि जवाबदेही के रूप में समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि पद के साथ अधिकार से अधिक जिम्मेदारी जुड़ी होती है तथा सभी चयनित विद्यार्थी विद्यालय की गरिमा, अनुशासन एवं मूल्यों को बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।
कार्यक्रम का संचालन सीसीए प्रभारी रूपम दुबे द्वारा किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments