गढ़वा। रेलवे ट्रैक के आसपास लापरवाही से मोबाइल वीडियो और रील बनाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नगर ऊंटारी रेलवे मार्ग पर जोबरइया गांव के पास रील बनाते समय एक 19 वर्षीय युवती चलती ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसके दोनों हाथ कट गए। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गढ़वा थाना क्षेत्र के अशोक बिहार मोहल्ला निवासी धीरज सिंह की 19 वर्षीय पुत्री पूर्णिमा कुमारी अपने कुछ दोस्तों के साथ जोबरइया स्थित रेलवे लाइन के पास गई थी। बताया गया कि वहां मोबाइल फोन से रील बनाई जा रही थी। इसी दौरान रांची-चोपन रेल मार्ग से गुजर रही ट्रेन की चपेट में पूर्णिमा कुमारी आ गई।
अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल उसे इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज जारी है।
इस घटना ने रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे लाइन के समीप मोबाइल से वीडियो या रील बनाने के दौरान थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन और रेलवे विभाग द्वारा समय-समय पर चेतावनी दिए जाने के बावजूद लोग ऐसे जोखिम भरे कार्य कर रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि रेलवे ट्रैक और उसके आसपास अनधिकृत रूप से जाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह जान के लिए भी बेहद खतरनाक है। ऐसे में लोगों को जागरूक होने और रेलवे ट्रैक के पास फोटो-वीडियो बनाने से बचने की सख्त जरूरत है।
0 Comments