Ticker

6/recent/ticker-posts

राखी बनाओ और डाक से भेजो प्रतियोगिता में बीएनटी के छात्रों ने दिखाई रचनात्मकता, वीर जवानों को भेजीं राखियाँ

गढ़वा।रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भारतीय डाक विभाग की अनूठी पहल “राखी बनाओ एवं डाक से भेजो” प्रतियोगिता का आयोजन डाक विभाग, पलामू प्रमंडल के तत्वावधान में बीएनटी सेंट मेरी स्कूल, गढ़वा में उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ डाक सेवा के माध्यम से प्रेम, स्नेह, सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को व्यक्त करने का अवसर प्रदान करना था।
प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 300 विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए आकर्षक एवं हस्तनिर्मित राखियाँ तैयार कीं। इनमें से 124 विद्यार्थियों ने अपनी बनाई राखियाँ डाक विभाग को सुपुर्द कीं, जिन्हें विभिन्न स्थानों पर भेजा जाएगा।
विद्यार्थियों ने अपनी राखियाँ सगे-संबंधियों के अलावा प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, थलसेना प्रमुख, सीमा सुरक्षा बल मुख्यालय, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारियों तथा देश की सुरक्षा में तैनात जवानों को भेजने के लिए दीं। राखियों पर संबंधित प्राप्तकर्ताओं के नाम व पते भी अंकित किए गए। डाक विभाग के कर्मियों द्वारा इन राखियों को विधिवत स्वीकार कर उन पर विद्यालय की मुहर लगाई गई।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने राखी के पवित्र धागे के साथ प्रेम, स्नेह, सम्मान और देशभक्ति का संदेश भी प्रेषित किया। विशेष रूप से देश की सेवा में जुटे वीर जवानों को राखी भेजने की पहल ने कार्यक्रम को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया।
प्रतियोगिता में राखियों का मूल्यांकन 40 अंकों के आधार पर किया गया, जिसमें रचनात्मकता, कलात्मकता, आकर्षण और प्रस्तुतीकरण को प्रमुख मानदंड बनाया गया। गढ़वा डाकघर के डाक सहायक प्रशांत कुमार ने मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि डाक निरीक्षक धीरज तिवारी एवं बहुउद्देशीय कर्मचारी अनिश रंजन ने आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
विद्यालय स्तर पर चयनित शीर्ष 10 विद्यार्थियों में शिवानी सिंह, आशी कश्यप, प्रिंसी केशरी, लवली राय, अनुष्का राय, आशी राय, स्वीटी राय, आयुषी राय, रितिका गुप्ता एवं मारीषा राय यादव शामिल हैं। इनकी प्रविष्टियाँ अब पलामू प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भेजी जाएंगी।
कार्यक्रम में अनुप्रिया पाठक, अनामिका पांडेय, रूपम दुबे, पंकज कुमार, नीरज कुमार, सुमन कुमारी एवं धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय भागीदारी रही। विद्यालय के प्राचार्य अमित कुमार तिवारी ने कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ-साथ देशप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी विकसित करता है।
विद्यालय परिवार ने डाक विभाग एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक और यादगार अनुभव बन गया।

Post a Comment

0 Comments