गढ़वा। श्री राम के बाल स्वरूप दर्शन के लिए प्रसिद्ध श्री रामलला मंदिर में अब भगवान श्री गणेश जी भी भक्तों को दर्शन एवं आशीर्वाद देंगे। मंदिर परिसर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापना को लेकर प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान विधिवत रूप से प्रारंभ कर दिया गया है।
शनिवार को जल यात्रा सह कलश यात्रा के साथ अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर बनारस से पधारे विद्वान आचार्य गोविंद मिश्रा (80 घाट) के साथ शास्त्री गौरव दुबे, पंडित शंकर दुबे एवं ऋषभ उपाध्याय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा की प्रक्रिया शुरू की गई। यजमान के रूप में मंदिर समिति के सह सचिव सत्यनारायण दुबे एवं उनकी धर्मपत्नी रेखा देवी ने पूजा-अर्चना की।
जानकारी के अनुसार, दो दिनों तक अनवरत पूजा-अर्चना के उपरांत गणेश चतुर्दशी के शुभ मुहूर्त पर दिनांक 14.09.2026 को अपराह्न एक बजे भगवान गणेश की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। इसके पश्चात हवन-यज्ञ का आयोजन तथा शाम 3 बजे से महाप्रसाद वितरण सह महाभंडारा किया जाएगा।
यह धार्मिक अनुष्ठान स्वर्गीय सरयू सिंह की स्मृति में उनके पुत्रों सुदर्शन सिंह (मंदिर समिति उपाध्यक्ष), सुरेंद्र सिंह एवं उपेंद्र सिंह के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा है।
मंदिर समिति के सचिव धनंजय सिंह ने बताया कि प्रतिदिन प्रातः से सायं तक विशेष पूजा-अर्चना चलेगी तथा सायं 5 बजे आरती के उपरांत प्रसाद वितरण किया जाएगा।
शनिवार को प्रारंभ हुए इस अनुष्ठान में सुदर्शन सिंह, वीणा सिंह, सुरेंद्र सिंह, उपेंद्र सिंह, इंदु सिंह, सरस्वती कुंवर, सत्यनारायण दुबे, रेखा देवी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
दूसरे दिन 13.09.2026 को शाम 3 बजे भगवान गणेश नगर भ्रमण पर निकलेंगे। इस दौरान वे मां गढ़देवी मंदिर में भी दर्शन करेंगे तथा नगर के विभिन्न मार्गों एवं मोहल्लों का भ्रमण करते हुए पुनः श्री रामलला मंदिर लौटेंगे।
0 Comments