Ticker

6/recent/ticker-posts

भवनाथपुर के प्लस टू विद्यालय में चुनावी साक्षरता क्लब का पुनर्गठन, सोनू व काजल बने कैम्पस एम्बेस्डर

गढ़वा। उपायुक्त गढ़वा एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार राजकीय कृत प्लस टू उच्च विद्यालय, भवनाथपुर में चुनावी साक्षरता क्लब (ईएलसी) का पुनर्गठन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के वरीय व्याख्याता सुशील कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर व्याख्याता सुशील कुमार ने चुनावी साक्षरता क्लब की संरचना, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके अथवा शीघ्र पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों का नाम “फ्यूचर वोटर्स” के रूप में मतदाता सूची में डिजिटल माध्यम से जोड़ा जाना आवश्यक है। साथ ही विद्यालय स्तर पर मतदान, मतदाता जागरूकता एवं लोकतंत्र की महत्ता से संबंधित प्रशिक्षण भी नियमित रूप से दिया जाएगा।
कार्यक्रम में माध्यमिक संकाय के उप प्राचार्य रणजीत बरनवाल ने लोकतंत्र में मतदान एवं मतदाता की भूमिका पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। इसके उपरांत लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत छात्र-छात्राओं के बीच प्रत्यक्ष मतदान कराकर ईएलसी का गठन किया गया, जिसमें सोनू यादव एवं काजल कुमारी को सर्वसम्मति से “कैम्पस एम्बेस्डर” चुना गया। वहीं नोडल शिक्षक के रूप में रणजीत बरनवाल एवं वरीय व्याख्याता सुशील कुमार का चयन किया गया।
व्याख्याता सुशील कुमार ने चयनित छात्रों एवं शिक्षकों को उनके दायित्वों से अवगत कराते हुए क्लब के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में भूतपूर्व उप प्राचार्य रोहित कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि इस प्रकार के ज्ञानवर्धक कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments