गढ़वा।अखिल भारतीय कमलापुरी वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय राम प्रसाद गुप्ता के निधन पर गुरुवार को कमलापुरी मोहल्ला स्थित प्रदेश अध्यक्ष राजमणि प्रसाद के निवास स्थान पर शोक सभा आयोजित की गई। शोक सभा में प्रादेशिक सभा के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं गढ़वा समाज के लोगों ने दिवंगत आत्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की तथा ईश्वर से प्रार्थना की कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख की घड़ी को सहने की शक्ति प्रदान करें।
वक्ताओं ने कहा कि जय राम प्रसाद गुप्ता के निधन से समाज को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई करना कठिन है। उन्होंने अपने जीवन में समाज सेवा, संगठन की मजबूती और सामाजिक एकता को प्राथमिकता देते हुए विशिष्ट पहचान बनाई थी, जिसे हमेशा याद किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष राजमणि प्रसाद ने कहा कि उनका निधन कमलापुरी वैश्य समाज के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज के उत्थान और संगठन को मजबूत बनाने में समर्पित किया। महासभा केंद्रीय परिषद के स्थायी सदस्य विनोद कमलापुरी ने कहा कि वे समाज के मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत थे, जिनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
शोक सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री जितेंद्र कमलापुरी, मनीष कमलापुरी, मनीष कुमार, श्याम कमलापुरी, गिरीश कमलापुरी, नीरज कमलापुरी, रवि कमलापुरी, रौनक कमलापुरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
0 Comments