गढ़वा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गढ़वा जिला इकाई के तत्वावधान में गुरुवार को परमवीर चक्र विजेता वीर शहीद अब्दुल हमीद का 61वां शहादत दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहर के मंझिआंव मोड़ स्थित शहीद अब्दुल हमीद की प्रतिमा स्थल पर किया गया, जहां झामुमो नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शहीद के अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। कार्यक्रम में केंद्रीय सदस्य जवाहर पासवान ने कहा कि शहीद अब्दुल हमीद का जीवन युवाओं के लिए देशभक्ति, त्याग और समर्पण की जीवंत मिसाल है। उन्होंने कहा कि 1965 के भारत-पाक युद्ध में खेमकरण सेक्टर के असल उत्तर क्षेत्र में हवलदार अब्दुल हमीद ने अकेले ही पाकिस्तान के 8 पैटन टैंकों को नष्ट कर दुश्मन के दांत खट्टे कर दिए थे और राष्ट्र की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। उनका यह पराक्रम भारतीय सैन्य इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है।
अन्य वक्ताओं ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद का बलिदान केवल किसी एक समाज या समुदाय के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। इस दौरान झामुमो नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने “वीर अब्दुल हमीद अमर रहें” के नारे लगाए।
कार्यक्रम में केंद्रीय समिति सदस्य जोवाहर पासवान, तनवीर आलम, मनोज ठाकुर, महिला मोर्चा जिला सचिव दीपमाला, जिला कमेटी उपाध्यक्ष संजय कसकर, कोषाध्यक्ष चंदन जायसवाल, गढ़वा प्रखंड अध्यक्ष फुजैल अहमद खान, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष केसरी, नगर परिषद अध्यक्ष आशीष अग्रवाल, सचिव वसीम खान, वार्ड पार्षद राजा सिंह, रामजी राम, रंथा नायक, मिन्हाज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
0 Comments