गढ़वा। श्री नीलकंठ महादेव, बंडा पहाड़ के पावन प्रांगण में आज प्रातः शुभ मुहूर्त में सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं ने शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में हरितालिका तीज व्रत का विधिवत समापन किया। प्रकृति की गोद में स्थित इस पवित्र स्थल पर भक्तों की आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
पूजन कार्यक्रम का आयोजन पुरोहित ओमप्रकाश पाठक जी द्वारा विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं को व्रत एवं पूजा की संपूर्ण प्रक्रिया सम्पन्न कराई।
इस अवसर पर जागृति युवा क्लब द्वारा एक दिन पूर्व ही मंदिर परिसर की साफ-सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया था। साथ ही पूजा स्थल पर आवश्यक सभी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था भी क्लब के द्वारा की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम में क्लब के कोषाध्यक्ष विवेकानंद पाल, सचिव विनय पाल, आनंद चंद्रवंशी, सलाहकार ओमप्रकाश पाल, भूदेव पाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र पाल ने बताया कि जागृति युवा क्लब सदैव मंदिर परिसर एवं धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाता है तथा भविष्य में भी इस स्थल के विकास एवं व्यवस्था सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
0 Comments