गढ़वा। डीएवी मॉडल स्कूल, गढ़वा में झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम में निदेशक सुशील केसरी ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू एक दिन पूर्व तक पूर्णतः स्वस्थ एवं सामान्य स्थिति में थे। वे भोजन करके सोए थे, लेकिन रात लगभग 12 बजे उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई। उन्होंने इसे सामान्य गैस की समस्या समझकर अनदेखा कर दिया, जिसके बाद यह दुखद घटना घटित हो गई।
उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में इस प्रकार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिसका मुख्य कारण बदलती जीवनशैली है। यदि लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नहीं रहेंगे, खान-पान और शारीरिक गतिविधियों पर ध्यान नहीं देंगे तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में योग, प्राणायाम और नियमित व्यायाम को शामिल करें। सुबह की सैर, शारीरिक व्यायाम तथा सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है।
इस अवसर पर प्राचार्य गुलाम सरवर, शिक्षक अंजनी कुमार सिंह, ओम प्रकाश शर्मा, वीरेंद्र कुमार, आरती कुमारी, सुलेखा गुप्ता, दीप्ति कुमारी, पीहू कुमारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
0 Comments