गढ़वा। चिनिया प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में हुई अनती यादव की मृत्यु के बाद शोक की लहर है। इस बीच गढ़वा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सह यादव महासभा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सोनू यादव मृतक के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
सोनू यादव ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत पीड़ादायक घटना है। उन्होंने कहा कि वे और उनकी पूरी टीम इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया तथा प्रशासन से भी उचित मुआवजा और आवश्यक सहायता जल्द उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जंगली हाथियों की लगातार बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ऐसे में वन विभाग और प्रशासन को इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस मौके पर मुखिया गोपाल कुमार यादव, बंशी यादव, कुंदन यादव, हरिओम यादव, दुर्गेश यादव सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने मृतक के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में साथ रहने का भरोसा दिया।
0 Comments