Ticker

6/recent/ticker-posts

नन्ही मुस्कानों की सेहत का ख्याल: नगवा विद्यालय में डेंटल कैंप, जायंट्स सहेली की पहल से बच्चों को मिला स्वच्छ दांतों का संदेश

गढ़वा। जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा सहेली की ओर से बुधवार को वार्ड नंबर-8 स्थित नगवा के सरकारी प्राथमिक विद्यालय में निःशुल्क डेंटल जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विद्यालय के सभी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं के दांतों की विस्तृत जांच की गई तथा उन्हें दांतों की देखभाल एवं स्वच्छता से संबंधित आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद नीलम शर्मा की भी उपस्थिति रही। शिविर की अध्यक्षता जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा सहेली की अध्यक्ष रीमा स्वरूप ने की, जबकि संचालन प्रशासनिक निदेशक रीमा सोनी द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध युवा चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार सोनी ने विद्यालय पहुंचकर सभी बच्चों का निःशुल्क डेंटल चेकअप किया और उन्हें नियमित रूप से दांत साफ रखने, संतुलित खान-पान अपनाने तथा किसी भी दंत समस्या को अनदेखा न करने की सलाह दी।
शिविर के दौरान जायंट्स सहेली ग्रुप की ओर से बच्चों के बीच टूथपेस्ट, ब्रश एवं बिस्किट का वितरण भी किया गया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा सहेली की अध्यक्ष रीमा स्वरूप ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य समाजसेवा के माध्यम से जरूरतमंदों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य के तहत विद्यालय में यह निःशुल्क डेंटल कैंप आयोजित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अशोक सोनी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ग्रुप की ओर से सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष रश्मि कमलापुरी, रीता केसरी, माला केसरी, सीमा केसरी, अनसूइया केसरी, रंजना जायसवाल, रितु जायसवाल सहित सहेली ग्रुप की वर्षा अग्रवाल, करुणा केसरी, विमला केसरी, चांदनी केसरी, गुड़िया केसरी, वंदना सोनी, संगीता गुप्ता, रीना सोनी, मंजू गुप्ता, संध्या केसरी सहित अन्य सदस्य तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

Post a Comment

0 Comments