Ticker

6/recent/ticker-posts

राधिका नेत्रालय के निःशुल्क शिविर में 31 मरीजों की आंखों की रोशनी लौटी, मोतियाबिंद से मिली राहत

गढ़वा। चिरौजिया मोड़ स्थित राधिका नेत्रालय में जिला अंधापन नियंत्रण समिति एवं राधा लक्ष्मी ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर ने दर्जनों मरीजों के जीवन में नई रोशनी भर दी। शिविर में कुल 31 मरीजों का सफल मोतियाबिंद ऑपरेशन कर लेंस प्रत्यारोपण किया गया, जिससे उनकी दृष्टि पुनः लौट आई।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर आधुनिक तकनीक से सुरक्षित ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद मरीजों के चेहरों पर संतोष और राहत साफ झलक रही थी।
राधिका नेत्रालय के संस्थापक डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि समाज में अब भी यह धारणा बनी हुई है कि गर्मी के मौसम में मोतियाबिंद ऑपरेशन कराना सुरक्षित नहीं होता, जबकि आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के चलते अब वर्षभर बिना किसी जोखिम के ऑपरेशन संभव है। उन्होंने कहा कि जागरूकता के अभाव में कई लोग समय पर इलाज नहीं करा पाते, जिससे समस्या बढ़ जाती है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस शिविर का लाभ केवल गढ़वा ही नहीं, बल्कि पलामू जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों से आए मरीजों को भी मिला। राधिका नेत्रालय में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मोतियाबिंद की निःशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध है, ताकि मरीज समय रहते उपचार लेकर अंधत्व से बच सकें।

Post a Comment

0 Comments