गढ़वा। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार से संबद्ध भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2026 का आयोजन 19 सितंबर को गढ़वा जिले के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा गढ़वा जिला के संयोजक सह जिला गायत्री परिवार के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी संजय कुमार सोनी ने बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिले के कुल 4500 विद्यार्थी इस परीक्षा में भाग ले रहे हैं। परीक्षा के सफल संचालन हेतु पूरे जिले में 41 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। साथ ही परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुचारू संचालन के लिए 80 वीक्षकों की नियुक्ति की गई है।
जिला संयोजक ने बताया कि परीक्षा 19 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एक साथ सभी केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं अनुशासन पर विशेष ध्यान रखा जाएगा।
गढ़वा मुख्यालय में बीएसकेडी पब्लिक स्कूल, ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल, डीएवी मॉडल स्कूल, ब्राइट फ्यूचर स्कूल, जेपीएस सेंट्रल पब्लिक स्कूल सहित कुल नौ केंद्र बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त मझिआंव, नगर उंटारी, केतार, मेराल, भवनाथपुर, खरौंधी, विशुनपुरा, कांडी, रंका एवं चिनिया सहित विभिन्न प्रखंडों में भी परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यह परीक्षा पूरे देश के सभी जिलों में एक ही दिन आयोजित की जाती है, जिसमें लगभग 50 लाख से अधिक विद्यार्थी भाग लेते हैं। इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक शिक्षा, भारतीय संस्कृति के मूल्यों, महापुरुषों एवं वीर बालकों के जीवन से परिचय कराना है, जिससे उनमें नैतिकता, परिश्रम एवं राष्ट्रनिर्माण की भावना विकसित हो सके।
प्रेसवार्ता में राजीव कुमार चौधरी, सूरजमल चौधरी, रीना चंद्रवंशी, सरिता कुमारी, स्तुति कुमारी, निस्बद खान सहित कई लोग उपस्थित थे।
0 Comments