गढ़वा:रामना प्रखंड के पिपरी गांव में जानकी सामूहिक विवाह फाउंडेशन द्वारा आज एक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेटियों को शिक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ लोगों को प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के सदस्यों ने ग्रामीणों को बताया कि बाल विवाह, भ्रूण हत्या और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयाँ समाज की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा हैं। इन कुरीतियों को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। साथ ही सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों पर विवाह का आर्थिक बोझ कम किया जा सके।
अभियान में उपस्थित वक्ताओं ने बेटियों की शिक्षा को परिवार और समाज के विकास की नींव बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटी न केवल अपने परिवार को सशक्त बनाती है, बल्कि समाज को भी नई दिशा देती है।
इस मौके पर रमेश कुमार, सोनी देवी, उषा कुमारी, शशि देवी, दुर्गावती देवी, रुना देवी, रुदा देवी, छटनी देवी एवं ललिता देवी सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने समाज सुधार के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
0 Comments